समाचार सच, हल्द्वानी। नगर निगम सीमा विस्तार के बाद से अब तक निगम में सफाई कर्मियों की भर्ती नहीं हो पाई है। पूर्व के कर्मचारी ही सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाले हुए हैं। इससे सफाई कर्मचारियों में असंतोष की भावना पनप रही है। वह सफाई कर्मियों की भर्ती की मांग उठा रहे हैं। इस संबंध में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी को ज्ञापन भेजा है। जिसमें प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की सीधी भर्ती करने की मांग की गई है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य में नगर निगम का विस्तार तो कर दिया गया, परंतु अब तक सफाई कर्मियों की एक भी सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। वर्तमान में नगर पालिका, नगर पंचायत और नगर निगमों में आउट सोर्स के माध्यम से 6 से 7 हजार वेतन में काम लिया जा रहा है। ऐसे में सफाई कर्मी महंगाई के इस दौर में इतनी कम वेतन में परिवार का पालन-पोषण व बच्चों को शिक्षित बनाने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निकायों में संविदा पर सफाई कर्मी की भर्ती की जा रही है और उन्हें सम्मानजनक वेतन भी दिया जा रहा है। उन्होंने सांसद से वाल्मीकि समाज की मूलभूत समस्या को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करने की मांग की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


