समाचार सच, देहरादून। इस बार मॉनसून ने अपने तय समय से पहले ही देश में दस्तक दे दी है। केरल में यह सामान्य तिथि से आठ दिन पहले पहुंच चुका है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है। अब उत्तराखंड में भी मॉनसून का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राज्य में 10 से 20 जून के बीच मानसून के पहुंचने की संभावना है।


हालांकि, मॉनसून के आने से पहले ही उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। बीते 22 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में सामान्य से करीब 65 फीसदी अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
इस असामान्य बारिश से मौसम विशेषज्ञ भी हैरान हैं। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा हो रही है और यही स्थिति मानसून के दौरान भी बनी रह सकती है। उन्होंने कहा कि इस बार उत्तराखंड में भारी मानसून देखने को मिलेगा।
विक्रम सिंह ने यह भी बताया कि इस समय राज्य में मासिक वर्षा औसत से ऊपर है और पूरे देश में भी सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इस विषय पर भूवैज्ञानिक एसपी सती का कहना है कि यह सब जलवायु परिवर्तन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गर्मियों में इस तरह की ज्यादा बारिश मौसम के असंतुलन का संकेत है, जो चिंताजनक है।





सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440