समाचार सच, देहरदून। विधायक आवास में अब कोई भी थर्मल स्क्रीनिंग, नाम पते की जांच के बिना प्रवेश नहीं कर पाएगा। आवास के मुख्यद्वार पर चेक पोस्ट बनेगी। राज्य संपित्ति विभाग ने इस चेक पोस्ट के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती का भी प्रस्ताव बनाया है। राज्य सपंत्ति विभाग के सचिव आर के सुधांशु की ओर से जारी आदेश के तहत गृह विभाग की ओर से पुलिस अधिकारियों को विधायक आवास के बाहर पुलिस पिकेट स्थापित करने के लिए पत्र लिखा जाएगा। विधायक आवास की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए मुख्यद्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग होगी और हर आने वाले के नाम पते आदि का रजिस्टर बनाकर रखा जाएगा। इसके साथ ही विधायक आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का भी रिकार्ड रखा जाएगा। कोविड संक्रमण से सुरक्षा की दृष्टि विधायक आवास में साफ सफाई के साथ ही हर फ्लोर में सेनेटाइजर की व्यवस्था भी की जाएगी। विधायक आवास की सुरक्षा के मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पूर्व में नाराजगी भी जाहिर की थी। अध्यक्ष से करीब छह विधायकों ने विधायक आवास में सुरक्षा की कोई व्यवस्था न होने की शिकायत की थी। विधानसभा अध्यक्ष ने इस मामले में खुद विधायक आवास का निरीक्षण करना भी तय किया था। निरीक्षण तो नहीं हो पाया लेकिन अध्यक्ष ने राज्य संपत्ति विभाग के अधिकारियों से बात की थी। इसके बाद इस मामले को उन्होंने मुख्य सचिव के सामने भी रखा था और बाद में राज्य संपत्ति सचिव आरके सुधांशु सहित अन्य अधिकारियों से भी बात की थी। इतना होने पर भी इस मामले में बात आगे न बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष ने खासी नाराजगी भी जताई थी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












