हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति की अहम बैठक, डीएम से मुलाकात के लिए मांग पत्र तैयार

समाचार सच, हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति हल्द्वानी ने अब अपनी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को पंडित गोविंद बल्लभ पंत पुस्तकालय भवन स्थित समिति सभागार में आयोजित कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे ने की, जबकि संचालन महामंत्री डी.के. पांडे ने किया।
डीएम के सामने उठेंगी वरिष्ठ नागरिकों की लंबित समस्याएं
बैठक में अगस्त के अंतिम सप्ताह में जिलाधिकारी के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं से संबंधित मांग पत्र को अंतिम रूप दिया गया। समिति पदाधिकारियों ने तय किया कि पूर्व में 25 जुलाई 2025 को तत्कालीन जिलाधिकारी वंदना सिंह के साथ हुई बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों को दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त 2025 को वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए निर्देशों का कई विभागों द्वारा अब तक अपेक्षित रूप से पालन नहीं किया गया है। ऐसे में आगामी बैठक में लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

समिति में चार नई उप समितियां गठित
वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और समिति के कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए चार महत्वपूर्ण उप समितियों का गठन किया गया है।
-तुरंत कार्रवाई उप समिति
-कार्यक्रम क्रियान्वयन उप समिति
-वित्तीय प्रबंधन उप समिति
-प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया उप समिति
इन समितियों के गठन से वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई और कार्यक्रमों के बेहतर संचालन की उम्मीद जताई गई।
रमेश चंद्र पांडे बने समिति के उपाध्यक्ष
बैठक में समिति के सक्रिय कार्यकारिणी सदस्य रमेश चंद्र पांडे को सर्वसम्मति से समिति का नया उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। समिति अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे और महामंत्री डी.के. पांडे ने उन्हें मनोनयन पत्र प्रदान किया। इस दौरान सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ उनका स्वागत किया।
20 अगस्त को होगा ‘वरिष्ठ नागरिक आपके द्वार’ कार्यक्रम
बैठक में निर्णय लिया गया कि ‘वरिष्ठ नागरिक आपके द्वार’ अभियान का अगला कार्यक्रम आगामी 20 अगस्त को डॉ. एस.डी. तिवारी की सहमति से धार बिठौरिया स्थित उनके आवास पर आयोजित किया जाएगा।
समिति का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को उनके बीच जाकर समझना और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करना है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भारत सरकार द्वारा हाल ही में जारी अधिसूचना के क्रम में समिति की आगामी बैठकों की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् से की जाएगी।
बैठक में इंद्र सिंह निगल्टिया, दया किशन बल्यूटिया, प्रताप सिंह जंतवाल, डी.के. पंत, विष्णु सिंह रावत, रमेश चंद्र पांडे, डॉ. शिवदत्त तिवारी, मोहन चंद्र बुडलाकोटी, बी.डी. जोशी, एल.एम. लोहनी, एच.पी. जोसेफ, किरण कुमार कबड़वाल, राजेंद्र सिंह बिष्ट, देवेंद्र सिंह खाती, सुमन चंद जोशी, ए.डी. डोर्बी, दिनेश चंद पंतोला, आनंद सिंह भाकुनी, गोपाल दत्त जोशी, भगवती बिष्ट, नीरू धवन, मीरा श्रोत्रिय सहित कार्यकारिणी के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



