समाचार सच, सितारगंज।
उत्तराखंड की विज्ञान शिक्षा को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि मिली है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सितारगंज (उधम सिंह नगर) के भौतिकी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुधा पाल द्वारा विकसित अभिनव शैक्षणिक उपकरण “Digital Physics Learning and Visualization Device” को भारत सरकार के Controller General of Patents, Designs and Trade Marks (CGPDTM) ने आधिकारिक रूप से डिज़ाइन पंजीकरण (Design Registration) प्रदान किया है। इसे तकनीक आधारित भारतीय शिक्षा नवाचार को मिली महत्वपूर्ण सरकारी मान्यता माना जा रहा है।
यह अत्याधुनिक डिजिटल लर्निंग डिवाइस पारंपरिक भौतिकी शिक्षा को आधुनिक तकनीकों के साथ जोड़कर विद्यार्थियों के सीखने के तरीके को पूरी तरह बदलने की क्षमता रखता है। इसमें 3D विजुअलाइजेशन, एनिमेशन, सिमुलेशन, इंटरएक्टिव लर्निंग मॉड्यूल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वर्चुअल रियलिटी (VR) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थी केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वैज्ञानिक सिद्धांतों को देखकर, समझकर और अनुभव करते हुए सीख सकेंगे।
डॉ. सुधा पाल ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल एक डिजिटल डिवाइस विकसित करना नहीं, बल्कि ऐसा डिजिटल साइंस लर्निंग इकोसिस्टम तैयार करना है, जिससे विज्ञान शिक्षा अधिक सरल, रोचक, प्रयोगात्मक और सभी के लिए सुलभ बन सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तकनीक का विस्तार अन्य विज्ञान विषयों तक भी किया जाएगा।
यह डिवाइस कक्षा 9 से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के विद्यार्थियों के साथ-साथ JEE, NEET और CUET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों, शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों और विज्ञान प्रयोगशालाओं के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल विज्ञान शिक्षा पहुंचाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
डॉ. सुधा पाल शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रही हैं। उन्हें उत्तराखंड सरकार का तिल्लू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार (2022-23), Young Woman Scientist Award तथा वर्ष 2026 का Education Excellence Award मिल चुका है। इसके अलावा वे अपने अभिनव अभियान “ENMASTE = Physics Formula” के माध्यम से YouTube और Facebook पर लाखों विद्यार्थियों को सरल भाषा में विज्ञान एवं भौतिकी की शिक्षा प्रदान कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. सुधा पाल के नाम अब तक 7 पेटेंट आवेदन, 2 पेटेंट ग्रांट, 2 प्रकाशित पुस्तकें तथा अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध उपलब्धियां दर्ज हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के शिक्षा एवं अनुसंधान जगत के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



