बारिश का ऑरेंज अलर्ट: उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी, चारधाम यात्रा पर लगी दो दिन की रोक

खबर शेयर करें

भारी बारिश, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका के बीच प्रशासन हाई अलर्ट पर, यात्रियों से फिलहाल यात्रा टालने की अपील

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर भी बड़ा असर डाला है। मौसम विभाग द्वारा 28 और 29 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। राज्य के कई पर्वतीय जिलों में भारी वर्षा, भूस्खलन और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की आशंका को देखते हुए यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।

गढ़वाल मंडल के यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़कें प्रभावित हुई हैं, जबकि कई इलाकों में मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 और 29 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा कई जलग्रहण क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का भी खतरा जताया गया है।

यह भी पढ़ें -   जन्मदिन पर मुकेश बोरा ने दोहराया किसानों के हित का संकल्प, बोर्ड बैठक में दुग्ध संघ की योजनाओं और भविष्य की रणनीति पर मंथन

लगातार बारिश के चलते छोटे नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं, जबकि संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -   8 अगस्त को हल्द्वानी में शक्ति प्रदर्शन करेंगे मल्लिकार्जुन खड़गे

आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा अत्यंत आवश्यक हो तो पहले मौसम और सड़क मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें। नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी ढलानों के आसपास जाने से बचने की भी सलाह दी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन की स्थिति पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम अनुकूल होते ही चारधाम यात्रा पुनः शुरू कर दी जाएगी।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440