समाचार सच, हल्द्वानी (अपराध जगत)। पुलिस ने घर के साथ ही वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। इन मामलों में पुलिस ने चार चोरों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। यह लोग वाहनों व माल को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ कार्यवाही कर जेल भेज दिया है।
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के गौजाजाली उत्तर में रहने वाले आसिम के घर चोरों ने बीती रात धावा बोल दिया। चोर वहां से एक सोने का लॉकेट, चांदी के तीन बिछुए, मोबाइल फोन और घर के अहाते में खड़ी मोटर साइकिल उड़ा ली। इस मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और तलाश शुरू कर दी। इधर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो चोरों को दबोच लिया। उनके पास से पुलिस ने बाइक के साथ ही माल भी बरामद कर लिया। पकड़े गये फरजन पुत्र इंतजार खान निवासी इंदिरा नगर मोहम्म्दी चौक व रिजवान खान पुत्र अफसर खान निवासी शनि बाजार रोड निकट रजा मस्जिद ने चोरी की बात कबूली है। बताया कि वह चोरी की बाइक बेचने के लिए किच्छा ले जा रहे थे। इधर पुलिस ने बीती 4 अगस्त को मंडी चौकी क्षेत्र के गोरापड़ाव तिराहे से चोरी हुए ब्लॉक रोड भीमताल निवासी अख्तर हुसैन के कैंटर संख्या यूके04सीए 9803 को भी बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने कैंटर के चालक मोहन सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी लमगड़ा अल्मोड़ा व तौसीब अहमद पुत्र रफीक अहमद निवासी आजाद नगर लालकुआं को गिरफ्तार किया है। कोतवाल संजय कुमार के अनुसार चोरी का तानाबाना कैंटर के ही चालक ने बुना था। चोरों को उस समय मोतीनगर बैरिकेटिंग के पास से गिरफ्तार किया गया जब वह कैंटर बेचने की फिराक में थे। पुलिस पकड़े गये चारों चोरों का अपराधिक इतिहास खंगाल रही है। जबकि सभी चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



