सीएम धामी के दौरे में सियासी संग्राम: विकास परियोजनाओं की सौगात, कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रपुर/गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उधम सिंह नगर दौरे के दौरान विकास और सियासत दोनों की तस्वीर एक साथ देखने को मिली। एक ओर मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को नई सौगातें दीं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा को हिरासत में ले लिया।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गदरपुर मंडी समिति स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कंबोज धर्मशाला पहुंचकर अमर शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अखंड पाठ में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहित के कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें -   75 साल का इंतजार खत्म! अब सड़क से जुड़ेगा नदगल गाँव, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया मोटर मार्ग निर्माण का शुभारंभ

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने लंबे समय से निर्माणाधीन गदरपुर बस अड्डे और खंड विकास कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। साथ ही डालबाबा मंदिर से गुलरभोज कुल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक सड़क निर्माण सहित कई आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि गुलरभोज क्षेत्र तेजी से पर्यटन हब के रूप में विकसित हो रहा है और सरकार यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें -   एमबीबीएस दाखिलों में फर्जी प्रमाणपत्र का खुलासा, पांच पर मुकदमा

इसी बीच मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए काले झंडे दिखाए। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया, जिसके चलते कुछ देर तक मौके पर राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां लोहियाहेड हेलीपैड पर उनका स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद वह नगरा तराई स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440