समाचार सच, चमोली/टिहरी।
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब पहाड़ों के लिए आफत बनती जा रही है। चमोली से लेकर टिहरी तक भारी बारिश के बीच भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कर्णप्रयाग के सुभाषनगर में रविवार सुबह अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया। देखते ही देखते भारी मात्रा में मलबा, बड़े-बड़े बोल्डर और पेड़ सड़क पर आ गिरे।
भूस्खलन की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी कई स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं सड़क किनारे दुकान चला रहा एक व्यक्ति भी अचानक आए मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। खतरा भांपते ही उसने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
अचानक हुए भूस्खलन से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरता देख लोगों ने मौके से दूरी बना ली। मलबा आने के कारण सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। एक मकान पर भी भूस्खलन का खतरा मंडराने लगा है।
सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण मार्ग को पूरी तरह खोलने में समय लगने की संभावना जताई जा रही है।
टिहरी में भी बारिश बनी मुसीबत, NH-94 पर जगह-जगह मलबा
उधर टिहरी जिले में भी लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित है। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-94 पर कई स्थानों पर मलबा आने और सड़क क्षतिग्रस्त होने से यातायात बाधित हो गया है। सड़क खोलने में समय लगने के कारण कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।
इसी बीच आगराखाल के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ब्रेक फेल होने के बाद सीमेंट से भरा ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक खाई में गिरने से पहले क्रॉस बैरियर पर अटक गया, जिससे चालक की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि सीमेंट से लदा ट्रक हरिद्वार के भगवानपुर से उत्तरकाशी की ओर जा रहा था। लगातार बारिश के चलते टिहरी जिले में कई स्थानों पर सड़क पर मलबा आने और सड़क टूटने से आवाजाही प्रभावित है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित मार्गों को खोलने में जुटी हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण राहत और सड़क बहाली के काम में मुश्किलें बनी हुई हैं।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें और घर से निकलने से पहले संबंधित मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



