शुरू होगी व्यावसायिक भवन कर की वसूली

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून । दून नगर निगम ने नए 32 वार्डों में व्यावसायिक भवन कर वसूलने की तैयारी कर ली है। निगम ने इन वार्डों में व्यावसायिक भवन कर तो बीते वर्ष की लागू कर दिया था, लेकिन वार्डों के लोग गफलत में थे कि भवन कर जमा करें या नहीं। दरअसल, सीमा विस्तार के दौरान सरकार ने नए वार्डों को दस वर्ष तक भवन कर से मुक्त रखने की घोषणा की थी, मगर इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ था। अब पिछले दिनों ही इसका शासनादेश जारी कर दिया गया है, लेकिन उसमें सिर्फ आवासीय भवनों को ही कर मुक्त किया गया है। नगर निगम के मुताबिक अब व्यवसायिक भवनों से कर वसूली में कोई संशय नहीं है। निगम इसी सप्ताह से वार्डों में भवन कर के फार्म वितरित करने की तैयारी कर रहा। सरकार ने अप्रैल-2018 में शहरी सीमा से सटे 72 गांव को नगर निगम में शामिल किया था। इससे पहले निगम में 60 वार्ड होते थे पर नए परिसीमन के बाद वार्डों की संख्या 100 हो गई। हालांकि, जो 72 गांव शामिल किए गए थे, उनसे नए 32 वार्ड ही बने। बाकी आठ नए वार्ड पुराने क्षेत्रों का परिसीमन होने से बने थे। निगम ने 2014 में पहली मर्तबा स्वत: कर निर्धारण (सेल्फ टैक्स असेसमेंट) सेवा लागू की थी। इसके बाद पुराने निगम क्षेत्र में दो वर्ष पहले टैक्स में बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन नए वार्डों में भवन कर आरोपित नहीं हो पाया था। लंबी मशक्कत के बाद निगम ने गत वर्ष दिसंबर में नए वार्डों में व्यवसायिक भवन की दरों का निर्धारण किया था, लेकिन सरकार द्वारा की गई घोषणा के क्रम में ग्रामीण यह कर चुकाने को तैयार नहीं थे। अब सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट होने के बाद निगम ने सड़कवार भवन कर निर्धारित कर दिया है। न्यूनतम दर 12 मीटर से कम चौड़ी सड़क पर स्थित भवन की हैं, जबकि अधिकतम दर 24 मीटर से अधिक सड़क के भवन पर लागू होंगी। नगर निगम की ओर से भवन कर समय से जमा करने पर 20 फीसद सीधी छूट दी जा रही है। भवन कर की दरें प्रतिवर्ग फुट के हिसाब से वसूली जाएंगी। अधिकतम दर में मालसी, डांडा लखौंडा, आमवाला तरला, ननूरखेड़ा, मोहकमपुर, मियांवाला, भारूवाला ग्रांट, बंजारावाला, मोथरोवाला, मोहब्बेवाला, नत्थनपुर-1, नत्थनपुर-2 शामिल हैं। मध्यम दर विजयपुर, रांझावाला, गुजराड़ा मानसिंह, लाडपुर, नेहरूग्राम, डोभाल चौक, रायपरु, सेवलाकलां, पित्थूवाला, मेहूंवाला, हरभजवाला, नवादा, हर्रावाला, बालावाला, नथुआवाला शामिल हैं। न्यूनतम दर में चंद्रबनी, आरकेडिया-1, आरकेडिया-2, नकरौंदा शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -   17 जून 2026 बुधवार का पंचांग, जानिए राशिफल में आज का दिन आपका कैसा रहेगा

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440