समाचार सच, हल्द्वानी (सुशील शर्मा)। राजपुरा के क्षेत्रवासियों ने पीपीई किट व अन्य सामान श्मशान घाट के द्वार पर फेंकने पर हंगामा कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत कराया। बता दें कि कोरोना संक्रमितों का राजपुरा स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया जा रहा है। उसके बाद पीपीई किट तथा अन्य सामग्री राजपुरा स्थित मुक्तिधाम के गेट पर फेंक दिया जाता है। जिसका क्षेत्रवासियों ने गत वर्ष भी कई बार विरोध किया था। लेकिन हर बार पुलिस-प्रशासन उन्हें शांत कराती रही है।
इधर मंगलवार को क्षेत्रवासियों का आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा। मुक्तिधाम गेट पर एकत्र हुए क्षेत्रवासियों ने जमकर रोष जताया। उनका कहना था कि कोरोना संक्रमण से मरने वालों का भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अंतिम संस्कार करने से यहां पहले से ही संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इस बीच संक्रमितों के अंतिम संस्कार में नियमों की भी अनदेखी की जा रही है। पीपीई किट व अन्य सामान को श्मशान घाट परिसर के अलावा क्षेत्र में जहां-तहां फेंक दिया जा रहा है। इससे संक्रमण के फैलने की संभावनाएं बलवती होती जा रही हैं। इस बीच हंगामे की सूचना पर एसएसआई कैलाश नेगी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रवासियों की बात सुनी और इस संबंध में मृतक संक्रमितों के साथ आने वाली टीमों से वार्ता का भरोसा दिलाया। साथ ही कोविड कर्फ्यू का हवाला देते हुए पुलिस ने भीड़ को तीतर-बीतर किया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो पाई।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


