समचार सच, देहरादून। पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा(एलएसी) पर गोलीबारी के दौरान उत्तराखंड का लाल देश पर कुर्बान हो गया है। पुंछ में नियंत्रण रेखा पर पांच दिन की खामोशी के बाद पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार को बिना उकसावे के कीरनी, कस्बा, दिगवार, माल्टी और दलान सेक्टर में सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की। कीरनी सेक्टर में जेसीओ सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हो गए, जबकि एक नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार तहसील के ओडियारी गांव के रहने वाले गंभीर रूप से घायल जेसीओ को एयरलिफ्ट कर कमान अस्पताल उधमपुर ले जाया गया था, जहां उनका निधन हो गया। वहीं, घायल ग्रामीण मोहम्मद रशीद (50) को परिजनों एवं पड़ोसियों ने कई किलोमीटर पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाने के बाद एंबुलेंस से राजा सुख देव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने किया गहरा शोक व्यक्त विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने सूबेदार स्वतंत्र सिंह की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस एवं शौर्य का परिचय देने वाले सूबेदार स्वतंत्र सिंह की शहादत पर हमें गर्व है। अग्रवाल ने ईश्वर से पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान देने तथा परिजनों को सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने किया गहरा शोक व्यक्त मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से सीजफायर के उल्लंघन के दौरान ग्राम ओड़ियारी, पौड़ी गढ़वाल के वीर सपूत,16 गढ़वाल राइफल के सूबेदार स्वतंत्र सिंह के शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को सम्बल प्रदान करें। राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


