समाचार सच, रामनगर। सड़क निर्माण कार्य में बरती गई कथित लापरवाही एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ गई। रामनगर के कानिया क्षेत्र में सड़क पर बिना सुरक्षा इंतजाम के छोड़ी गई रेता-बजरी एक युवा होटल कारोबारी की जान पर भारी पड़ गई। देर रात बाइक फिसलने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कानिया निवासी युवा होटल कारोबारी ललित मेहरा उर्फ कन्नू किसी आवश्यक कार्य से देर रात बाइक से निकले थे। रास्ते में सड़क निर्माण के दौरान सड़क पर फैली रेता-बजरी अंधेरे में दिखाई नहीं दी। जैसे ही बाइक निर्माण सामग्री पर चढ़ी, वह अनियंत्रित होकर फिसल गई और ललित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ललित की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अपने मिलनसार स्वभाव और व्यवहार के कारण वे क्षेत्र के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन पर व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर रेता-बजरी और अन्य निर्माण सामग्री बिना बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतों के छोड़ दी जाती है, जिससे खासकर रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। पूर्व ग्राम प्रधान सुरेश घुग्तियाल ने कहा कि पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। लोगों ने सड़क निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की मांग की है। साथ ही निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



