समाचार सच, हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाये गये अभियान में पुलिस के हाथ एक और सफलता लगी है। पुलिस ने तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही उससे स्मैक बेचकर अर्जित की गई हजारों की रकम भी बरामद की गई है। तस्कर को एनडीपीएस एक्ट में कार्यवाही कर जेल भेज दिया गया है। हीरानगर चौकी पुलिस शाघ्ंति व्यवस्था कायम रखने व मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर उत्थान मंच के समीप संदिग्धावस्था में खड़े युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से 15.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस पर तस्कर शिवम शर्मा पुत्र सत्यवीर शर्मा निवासी जेल कैम्पस हल्द्वानी व मूल निवासी डिफैन्स कॉलोनी ईज्जतनगर बरेली को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में तस्कर ने पुलिस को बताया कि वह उक्त स्मैक बहेड़ी से हाजी नामक सख्श से खरीद कर लाता है। वह स्वयं भी स्मैक का लती है और यहां ग्राहकों को भी स्मैक की सप्लाई करता है। इस कारोबार को वह लंबे समय से अंजाम देता चला आ रहा है। पुलिस ने तस्कर से स्मैक बेचकर अर्जित की गई 4300 रूपये की नगदी व मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों व जुटाई गई जानकारियों के आधार पर पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। बरामद स्मैक की कीमत करीब डेढ़ लाख रूपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्कर को कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में चौकी प्रभारी राजवीर सिंह, कांस्टेबल देश दीपक व पूरन मेहरा शामिल रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


