समाचार सच, देहरादून। समाजवादी पार्टी प्रदेश में एक मई से अखिलेश संदेश यात्रा निकालेगी। इसके अलावा 18 अप्रैल को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रस्तावित है। परेड ग्राउंड स्थित पार्टी कार्यालय में सपा पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस मौके पर पार्टी के पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की। तय किया गया कि प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति-जनजाति की नियुक्ति समेत अन्य फ्रंटल संगठनों का गठन इसी माह कर दिया जाएगा। वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 18 अप्रैल को रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर) में आयोजित करने पर सहमति बनी। वक्ताओं ने कहा कि इससे पहले 23 मार्च को प्रत्येक जनपद में स्व. डॉ. राम मनोहर लोहिया का 111वां जन्म दिवस मनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष
सत्यनारायण सचान ने बताया कि मई दिवस से अखिलेश संदेश यात्रा शुरू की जा रही है। जिसका मुख्य उद्देश्य मजदूर, किसान, युवा को न्याय दिलाना होगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को बदलकर भाजपा ने यह स्वीकार कर लिया है कि सरकार चार सालों में पूरी तरह विफल रही। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में प्रदेश में जो भी सरकारें रहीं वह भ्रष्टाचार में संलिप्त रहीं। बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह चौधरी, आभा बड़थ्वाल, डॉ. राकेश पाठक, सुभाष पंवार, हेमा वोहरा, ज्ञानचंद यादव, केके गौतम आदि उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


