हल्द्वानी की गलियों में कबाड़ बीनने की आड़, बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना… SSP मंजूनाथ टीसी की सख्ती से 24 घंटे में दबोचे गए झपटमार

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- नीरू भल्ला
हल्द्वानी में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले दो शातिर बदमाशों को नैनीताल पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। कबाड़ बीनने का काम करने की आड़ में शहर की गलियों की रेकी कर वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया गया है। मामले के सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बुजुर्ग सास के कान से बाइक सवार दो युवकों ने सोने का कुंडल झपट लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल को तत्काल विशेष टीम गठित कर घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में मुखानी पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मैनुअल एवं तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल जिले में बारिश का रेड अलर्ट! 14 अगस्त को स्कूल-कॉलेज बंद, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने शनिवार, 1 अगस्त को रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी अजय के कब्जे से बुजुर्ग महिला से झपटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हल्द्वानी की गलियों में घूम-घूमकर कबाड़ बीनने का काम करते हैं। इसी दौरान वे अकेली और बुजुर्ग महिलाओं पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही झपटमारी की वारदात को अंजाम देते थे।

यह भी पढ़ें -   वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर अब तेज होगी कार्रवाई, बनीं चार नई उप समितियां

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22 वर्ष) पुत्र शांति स्वरूप तथा सूरज जोशी (20 वर्ष) पुत्र नरेंद्र जोशी, दोनों निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के खिलाफ उत्तर प्रदेश में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जबकि उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना का त्वरित खुलासा करने वाली मुखानी पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस ने कहा कि शहर में इस तरह की वारदातों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440