समाचार सच, देहरादून । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय देहरादून में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों पर कोरोना महामारी में आ रही चुनौतियों से मुकाबला करने में पूर्णतः विफल साबित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज जब स्थितियां प्रदेश में अनियंत्रित हो गई हैं ऐसे में राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही हैं तथा ऐसा प्रतीत हो रहा है कि राज्य सरकार ने कोरोना महामारी के आगे आत्म समर्पण कर लिया है।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि 22 मार्च से अब तक इन 77 दिनों में राज्य सरकार टेस्ट हेतु प्रदेश के 13 जनपदों में 13 लैब स्थापित कर पाने में असमर्थ साबित हुई है। दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि प्रदेश में आज की तारीख में मात्र 6 लैब हैं और बहुत ही धीमी गति से टेस्ट किये जा रहे हैं। कुमाऊं मण्डल में मात्र एक लैब हल्द्वानी में है। राज्य की जनसंख्या लगभग 1 करोड़, 86 हजार 2 सौ 92 है तथा इन 77 दिनंों में लगभग 40 हजार टेस्ट हो पाये हैं तथा आज भी 5846 की सैम्पल रिपोर्ट लम्बित है। औसतन राज्य सरकार एक दिन में 476 टेस्ट ही कर पा रही है इस गति से एक वर्ष में मात्र 1 लाख 73 हजार 740 टेस्ट ही हो पायेंगे। इसलिए कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि 13 जनपदों में कम से कम 13 टेस्ट लैब स्थापित करने की जरूरत है। राज्य में कोरोना महामारी से 15 मौते हो चुकी हैं परन्तु राज्य सरकार द्वारा मौतों का आंकडा छुपाया जा रहा है। यह भी समझ से परे है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौत के कारणों को कोरोना मानने से इनकार किया जा रहा है। प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रवासी नागरिकों के लिए प्रदेश में बनाये गये कोरेन्टाइन सैन्टरों में बदहाली एवं बद इंतजामी के हालात चिन्ताजनक हैं। सरकार ने प्रवासियों को ग्राम प्रधानों के जिम्मे छोड़ दिया जिनके पास कोई संसाधन नहीं हैं। राज्य में क्वारेन्टाइन किये गये प्रवासी नागरिकों को बदइंतजामी के चलते अपनी जान गंवानी पड़ रही है। राज्य के गांवो मे बनाए गए क्वारंटाईन केंद्र यातना केंद्र में तब्दील हो चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ऐसी पहली सरकार है जो इतनी विकट परिस्थितियों में भी विपक्ष के साथ संवाद स्थापित नहीं करना चाहती है। हालात ये हैं कि गरीब की न तो सुनवाई हो रही है और न ही उस तक कोई सहायता पहुंचाई जा रही है। 20 लाख करोड़ का आर्थिक पैकेज आम आदमी के लिए मृगतृष्णा है तथा मात्र पूंजीपतियों को पल्लवित पोषित करने वाला है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि समाचार पत्रों के हाकर्स ने सरकार से राहत सामग्री के लिए बार-बार सम्पर्क किया गया परन्तु उनकी सुनवाई नहीं हुई अंततः उन्हें कांग्रेस पार्टी ने राहत पहुंचाई। मंहगाई पर बोलते हुए श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि एक तरफ जहां कोरोना महामारी ने लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट खडा किया है वहीं पर गैस एवं पेट्रोल के बढते दामों ने सरकार की संवेदनहीनता का परिचय दिया है। गैस एवं पेट्रोल के बढ़ते दामों ने आम आदमी की कमर तोड कर रख दी है। गैरसैण में ग्रीष्मकालीन राजधानी की घोषणा पर श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि आज गैरसैण में निर्माण का जो भी ढांचा दिखाई दे रहा है वह कांग्रेस पार्टी की सरकार की देन है। कांग्रेस पार्टी ने अपने सत्ता में रहते हुए गैरसैण में न केवल बुनियादी ढांचा खडा किया अपितु विधानसभा का सत्र आयेाजित कर अपनी मंशा जाहिर कर दी थी। उन्होंने कहा कि सन् 2000 में देश में तीन राज्यों का गठन हुआ था तथा दो राज्यों को उनकी स्थायी राजधानी दे दी गई परन्तु उत्तराखण्ड राज्य को उसकी राजधानी से वंचित रखा गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने गैरसैण में विकास के क्या-क्या कार्य करवाये तथा राज्य की स्थायी राजधानी कहां है? उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि गैरसैण को कोई स्थायी राजधानी बनायेगा तो वो कांग्रेस पार्टी है। चीन सीमा पर बनी तनाव की स्थिति पर बोलते हुए श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि नेपाल जैसे जिन देशों के साथ हमारे मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध थे आज वे भी हमें आंख दिखा रहे हैं जो केन्द्र सरकार की विदेश नीति की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमायें सुरक्षित नहीं हैं। देश की सीमाओं के मामले में प्रधानमंत्री मोदी जी की लाल आंखें पीली पड़ चुकी हैं तथा गृह मंत्री ने चुप्पी की चादर ओड रखी हैं।

https://www.edumount.org/



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


