समाचार सच, हरिद्वार।
बदरीनाथ धाम के दर्शन के बाद हरिद्वार पहुंचे उत्तर प्रदेश के एक श्रद्धालु की रेलवे स्टेशन के पास स्थित निजी होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल के कमरे में शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान 48 वर्षीय राजेश, निवासी फतेहपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजेश 28 सितंबर को बदरीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद हरिद्वार पहुंचा था और रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक निजी होटल में ठहरा हुआ था।
बताया जा रहा है कि बीती रात होटल कर्मचारियों को कमरे के संबंध में संदेह हुआ। दरवाजा अंदर से बंद मिलने के बाद होटल के कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को खुलवाया तो अंदर राजेश का शव मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गृह क्लेश से जुड़ी बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारण को अंतिम रूप से स्पष्ट नहीं माना है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



