समाचार सच, लालकुआं।
जनगणना-2027 में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनगणना के प्रथम चरण की स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि दुग्ध संघ से संबद्ध 710 पर्वतीय एवं मैदानी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के माध्यम से करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जाएगा।
बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण और इसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने अभियान को जनपद के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के लिए दुग्ध समितियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनसंख्या से जुड़े सटीक आंकड़ों के माध्यम से ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर निर्धारण और प्रभावी क्रियान्वयन कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय कार्य की सफलता के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
मुकेश बोरा ने सभी दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उत्पादकों और उनके परिवारों को जागरूक करने के लिए लिखित पत्र भेजें। साथ ही व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया और ऑनलाइन पंजीकरण के बारे में भी जानकारी दें। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से स्वयं इस प्रक्रिया में शामिल होने के साथ अपने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि जनपद नैनीताल में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर 11 अंकों की स्व-गणना आईडी जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। जनगणना के दौरान प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
दुग्ध संघ अध्यक्ष ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों के संरक्षण के साथ-साथ जनहित और सामाजिक जागरूकता से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा। उन्होंने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की सभी समितियों से अभियान को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू तथा प्रभारी एमआईएस एवं जनगणना लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



