समाचार सच, हल्द्वानी। विवाह समारोहों का सीजन शुरू होते ही विवाह समारोह संयुक्त संघर्ष समिति ने आयोजनों को लेकर नई व्यवस्था सख्ती से लागू करने का ऐलान किया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि अब शादी समारोहों में रात 12 बजे के बाद भोजन परोसने की अनुमति नहीं होगी। इस नियम का उल्लंघन करने या व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
समिति के संयोजक नवीन पांडे सन्नू, टेंट एसोसिएशन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बिष्ट, कैटर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रूपेंद्र नागर, बैंक्वेट एसोसिएशन अध्यक्ष धीरज पांडे तथा उत्तराखंड टेंट व्यापार एसोसिएशन के कुमाऊं प्रभारी ने संयुक्त बयान जारी कर यह जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष से विवाह समारोहों में रात 12 बजे तक भोजन व्यवस्था समाप्त करने की पहल की जा रही है, लेकिन इस बार नियम को अधिक सख्ती के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने शादी समारोहों की बुकिंग कराने वाले परिवारों और ग्राहकों से अपील की है कि वे समय का विशेष ध्यान रखें और सुनिश्चित करें कि दूल्हा-दुल्हन समेत सभी मेहमान रात 12 बजे से पहले भोजन कर लें।
संयुक्त बयान में कहा गया कि निर्धारित समय के बाद भोजन व्यवस्था बंद कर दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति रात 12 बजे के बाद भोजन परोसने या अन्य किसी तरह से निर्धारित व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करता है तो संबंधित बुकिंग कराने वाले आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
समिति पदाधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य विवाह समारोहों को निर्धारित समय और बेहतर प्रबंधन के साथ संपन्न कराना है। साथ ही टेंट, कैटरिंग और बैंक्वेट से जुड़े कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि समारोहों में काम करने वाले कर्मचारियों को अगले दिन भी अन्य विवाह आयोजनों की व्यवस्थाएं संभालनी होती हैं। ऐसे में समय पर काम समाप्त होना आवश्यक है।
समिति ने सभी विवाह आयोजकों, ग्राहकों और परिवारों से इस व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आपसी सहयोग से ही विवाह समारोहों का संचालन बेहतर और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकता है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



