समाचार सच, हल्द्वानी।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में 18 नवंबर को आयोजित होने वाले 11वें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। समारोह को यादगार और गरिमामय बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में विशेष साज-सज्जा और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। परिसर के प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य समारोह स्थल तक को आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों और आयोजन समितियों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समारोह में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों, शिक्षाविदों, गणमान्य व्यक्तियों और शिक्षार्थियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन को लेकर मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने, प्रवेश व्यवस्था और कार्यक्रम संचालन सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं, ताकि कार्यक्रम निर्धारित समय पर सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
इसी क्रम में समारोह की महत्वपूर्ण प्रक्रिया शोभायात्रा का पूर्वाभ्यास भी किया गया। इसमें शोभायात्रा के निर्धारित क्रम, प्रतिभागियों की सहभागिता और अन्य औपचारिक व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया, जिससे मुख्य समारोह के दिन सभी गतिविधियां अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हो सकें।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी स्वयं तैयारियों की लगातार निगरानी और समीक्षा कर रहे हैं। वह संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि 11वां दीक्षांत समारोह बेहतर प्रबंधन, अनुशासन और शैक्षणिक परंपराओं के अनुरूप भव्यता के साथ आयोजित किया जाए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



