समाचार सच, विकासनगर।
देहरादून जिले के सीमांत त्यूणी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। चिल्लाड़ के पास एक फोर्ड फ्रीस्टाइल कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गहरी खाई में उतरकर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन के पास फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेजा गया।
एसडीआरएफ के अनुसार, त्यूणी पोस्ट को वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो UP37P6641 नंबर की फोर्ड फ्रीस्टाइल कार चकराता मोटर मार्ग से करीब 300 मीटर नीचे खाई में पड़ी थी।
कार में सवार तीन लोगों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो घायल वाहन के पास फंसे हुए थे। एसडीआरएफ जवानों ने बेहद सावधानी के साथ खाई में उतरकर रेस्क्यू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के फतापुर का निवासी बताया गया है।
हादसे में 27 वर्षीय सुनील मंडल, निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और देहरादून निवासी ऋषभ घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेजा गया है।
त्यूणी थाना प्रभारी कुलदीप शाह के अनुसार, चिल्लाड़ राजस्व पुलिस क्षेत्र में फोर्ड फ्रीस्टाइल कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच इस दुर्घटना ने एक बार फिर दुर्गम पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाने के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



