समाचार सच, अध्यात्म डेस्क। आज 18 नवंबर 2026, बुधवार को अक्षय नवमी है। इसे आंवला नवमी भी कहा जाता है। अक्षय नवमी के दिन भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी के साथ आंवले के पेड़ की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है और आरोग्यता मिलती है। अक्षय नवमी पर भगवान विष्णु के पूजन के साथ ही दीपदान का भी विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा मिलती है। कहते हैं कि इस दिन किया गया दीपदान और पूजन का फल कभी नष्ट नहीं होता है और अकाल मृत्यु का भय समाप्त होता है। कार्तिक मास में आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास माना जाता है। दीपदान के बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती जरूर उतारनी चाहिए। जानें अक्षय नवमी पर दीपदान की विधि और आंवले का दीया कैसे बनाएं।
अक्षय नवमी पर दीप दान के लिए आवश्यक सामग्री
5,7, 11 या 21 बड़े गूदेदार और साफ आंवले
गाय का शुद्ध घी
रुई की बत्ती
रोली, अक्षत (चावल) और फूल
पान का पत्ता
अक्षय नवमी पर दीप दान करने की विधि
आंवले के दीपक कैसे बनाएं
ताजे और बड़े आंवले को धोकर पोंछ लें। नीचे थोड़ा समतल काटें और ऊपर की ओर बीच में खोखला कर लें ताकि उसमें घी और बत्ती रखी जा सके।
बत्ती और सामग्री रखें
अब पान के पत्ते पर आंवले रखें। हर आंवले में किए गए छोटे छेद में गाय का घी डालें और रुई की बत्ती रखें। साथ में थोड़े तिल, अक्षत और पुष्प भी रखें।
दीपकों का करें पूजा
आंवले के दीपकों को जलाने से पहले रोली, अक्षत और फूल आदि चढ़ाकर उनका पूजन करें।
कहां करें दीपदान
अक्षय नवमी या आंवला नवमी के दिन आंवले के पेड़ के नीचे संध्या काल यानी प्रदोष काल में दीपदान करें। दीपदान के बाद 7 या 108 बार परिक्रमा अवश्य करें।
अक्षय नवमी पर कहां-कहां जलाएं दीया
अगर आंवले का पेड़ नहीं है तो घर के पूजा स्थल, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के सामने, तुलसी के पौधे के पास, मुख्य द्वार और घर की छत और बालकनी में भी आंवले का दीपक रखा जा सकता है।
इस मंत्र का करें जाप
अक्षय नवमी के दिन दीपदान करते समय भक्ति भाव से ‘ऊं नमो भगवते वासुदेवाय नमरू’ मंत्र का जाप करना चाहिए।
दीपदान के बाद जरूर करें ये काम
आंवला नवमी पर दीपदान के बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती अवश्य उतारनी चाहिए। भक्ति और श्रद्धा भाव से प्रभु की आरती उतारने के बाद पूजन के समय लगाए गए श्रीहरि का भोग परिवार के सदस्यों में प्रसाद रूप में वितरित करना चाहिए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



