समाचार सच, चमोली डेस्क।
उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र में बुधवार सुबह भूकंप के झटकों से धरती डोल उठी। चमोली जिले में करीब आधे घंटे के अंतराल में दो बार भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 और दूसरे की 2.8 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। लगातार आए झटकों से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, चमोली में सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर पहला भूकंप आया। इसकी तीव्रता 4.1 मैग्नीट्यूड और गहराई 10 किलोमीटर बताई गई है। भूकंप का केंद्र जोशीमठ से करीब 19 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
इसके बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर एक बार फिर चमोली की धरती हिली। दूसरे भूकंप की तीव्रता 2.8 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। इसका केंद्र जोशीमठ से करीब 24 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम दिशा में बताया गया है।
अफगानिस्तान और तिब्बत में भी भूकंप
चमोली में भूकंप के झटकों के बाद पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी धरती कांपी। सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर काबुल से करीब 312 किलोमीटर दूर भूकंप दर्ज किया गया। इसके कुछ मिनट बाद सुबह 11 बजकर 2 मिनट पर तिब्बत में भी 3.6 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया। इससे पहले तिब्बत में सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
मणिपुर में भी महसूस किए गए झटके
बुधवार सुबह पूर्वोत्तर भारत के मणिपुर में भी भूकंप आया। इंफाल क्षेत्र में सुबह 7 बजकर 43 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड बताई गई।
13 नवंबर को पिथौरागढ़ में भी आया था भूकंप
इससे पहले 13 नवंबर को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई थी। लगातार भूकंप की घटनाओं के चलते हिमालयी क्षेत्रों में भूगर्भीय गतिविधियों को लेकर चिंता बनी हुई है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



