हल्द्वानी के उद्योगपति से करोड़ों की वसूली और संपत्ति हड़पने का आरोप, महिला समेत आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
हल्द्वानी में एक उद्योगपति को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपये और संपत्ति हड़पने का मामला सामने आया है। उद्योगपति ने एक महिला समेत कई लोगों पर हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और जबरन वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने कथित तौर पर करीब पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूले, जबकि लगभग दो करोड़ रुपये बाजार कीमत के चार प्लॉट, एक कार और एक स्कूटी भी हड़प ली। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित उद्योगपति सुभाष गुप्ता हल्द्वानी क्षेत्र में स्टोन क्रेशर, पेट्रोल पंप सहित अन्य कारोबार करते थे। आरोप है कि वर्ष 2015 में उनकी मुलाकात गौजाजाली निवासी एक महिला ज्योति सिंह से हुई थी। महिला ने कथित तौर पर कानूनी मामलों में मदद का भरोसा देकर उनसे संपर्क बढ़ाया। इसके बाद धीरे-धीरे उन्हें ब्लैकमेल करने का सिलसिला शुरू हो गया।

शिकायतकर्ता ने महिला के साथ कृष्णा कुमार, विक्रम, दिनेशपुर निवासी एक व्यक्ति, सोमवती और मोहम्मद मुश्ताक पुत्र मोहम्मद अली हुसैन सहित अन्य लोगों पर कथित साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। तहरीर में दावा किया गया है कि सभी आरोपी आपसी तालमेल से ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली कर रहे थे।

व्यापारी का आरोप है कि शुरुआत में महिला ने उनसे करीब 45 लाख रुपये लिए। बाद में फोटो और वीडियो के जरिए बदनाम करने की धमकी देकर कथित रूप से रकम की मांग की जाने लगी। वर्ष 2016 से लगातार अलग-अलग माध्यमों से पैसे मांगने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देने का आरोप लगाया गया है।

यह भी पढ़ें -   जनगणना-2027 को लेकर दुग्ध संघ की पहल, 710 समितियों के जरिए 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में दोबारा संपर्क होने के बाद कथित वसूली का सिलसिला और तेज हो गया। आरोप है कि चार प्लॉट अलग-अलग लोगों के नाम पर रजिस्ट्री कराए गए, जिनमें एक प्लॉट महिला के नाम और दो प्लॉट उसकी बेटी के नाम किए जाने का दावा किया गया है। व्यापारी ने आरोप लगाया कि चेक के माध्यम से रकम खातों में जमा कराकर बाद में आरटीजीएस के जरिए वापस निकलवाई जाती थी, जिससे जमीन के लेन-देन को वैध दिखाने का प्रयास किया गया।

पीड़ित का आरोप है कि एक मकान दिखाकर उनसे 30 लाख रुपये की मांग की गई और बाद में ब्याज के नाम पर रकम बढ़ाकर करोड़ों रुपये तक पहुंचा दी गई। महिला और उसके साथियों द्वारा फोन तथा व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार पैसे मांगने और रकम नहीं देने पर फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत में 5 नवंबर 2026 की घटना का भी उल्लेख किया गया है। व्यापारी के मुताबिक, महिला उनके छोटे भाई के घर पहुंची और बाद में काठगोदाम क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास उनसे मुलाकात की। वहां कथित तौर पर रकम देने का दबाव बनाया गया। व्यापारी ने अपनी आर्थिक स्थिति और खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कुछ समय मांगा था।

यह भी पढ़ें -   कुमारी सैलजा की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी झड़प, समर्थकों ने भी किया हंगामा

आरोप है कि रकम नहीं देने पर मारपीट कराने और जान से मरवाने की धमकियां भी दी गईं। व्यापारी का कहना है कि लगातार कथित वसूली और मानसिक दबाव के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है और मकान, पेट्रोल पंप तथा क्रेशर तक बेचने की नौबत आ गई है।

पहले भी ब्लैकमेलिंग के आरोप लगने का दावा
शिकायत में महिला के पूर्व कार्यस्थल को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि महिला पहले एक सरकारी संस्थान में उपनल के माध्यम से कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। आरोप है कि वहां भी उसने एक वरिष्ठ अधिकारी को ब्लैकमेल किया था और इस मामले में पूर्व में जेल जा चुकी है। महिला पर खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों को कानूनी कार्रवाई की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

मामले में हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाल विजय मेहता के अनुसार, व्यवसायी की तहरीर के आधार पर संबंधित आरोपों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर साक्ष्य जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440