समाचार सच, देहरादून डेस्क।
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बोरे में बंद युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जामुनवाला के पास कूड़े के ढेर में मिले शव को सीमेंट के कट्टों और पॉलिथीन से ढंककर छिपाने का प्रयास किया गया था। युवती के चेहरे पर चोट के कई निशान बताए जा रहे हैं, जबकि गला धारदार हथियार से रेते जाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची प्रेमनगर थाना पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर किए गए वार की आशंका
प्रारंभिक जांच में युवती के चेहरे पर कई घाव मिलने की बात सामने आई है। पुलिस आशंका जता रही है कि मृतका की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को क्षतिग्रस्त किया गया हो सकता है। मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार, जामुनवाला के पास कूड़े के ढेर में शव को सीमेंट के कट्टों और पॉलिथीन से ढंककर छिपाने की कोशिश की गई थी। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस मृतका की पहचान करने के लिए जिले के सभी थानों से गुमशुदगी संबंधी जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े संदिग्धों या अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



