
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की, जबकि 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के विभिन्न कार्यक्रमों में अध्ययन पूर्ण करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं।

समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई।

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण कर चुका है। विश्वविद्यालय वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय में कुल 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली और जापानी भाषा के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए।

विश्वविद्यालय की सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कुलपति ने बताया कि इस वर्ष 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई और एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों और कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गांवों में ‘गांव गौरव’ और ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इनमें किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी और मयूर बघरवाल शामिल रहे। वहीं, 36 मेधावी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति और प्रायोजित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया।
मानद उपाधि से सम्मानित अश्वनी लोहनी भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उन्होंने भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रेलवे, विमानन और पर्यटन क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें मानद उपाधि प्रदान की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. नागेश्वर राव ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा को उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से आजीवन सीखने और व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की सामाजिक पहल, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा पहुंचाने के प्रयास और दिव्यांगजनों, सैनिकों तथा शिक्षा से वंचित वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा को व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार बताते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा, हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में शोध एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नौकरी पाने के साथ-साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने शिक्षा को चरित्र निर्माण, श्रेष्ठ चिंतन और व्यवहार का माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने, संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने उत्तराखंड में पलायन की समस्या के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों में रोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही हिमालय और पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण को सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया तथा शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, शिक्षार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



