समाचार सच, देहरादून डेस्क।
उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल को प्रदेशभर में उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इगास पर्व की पूर्व संध्या पर 18 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकसंस्कृति के रंग देखने को मिले। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर लोकपर्व की खुशियों में सहभागिता की।
दीपावली के 11वें दिन मनाया जाने वाला इगास पर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से न केवल पुरानी परंपराओं को जीवंत रखा जाता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और लोकाचार से परिचित कराने का प्रयास किया जाता है। मुख्यमंत्री आवास में संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न लोक परंपराओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का समागम देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदीप बत्रा, सुबोध उनियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को इगास बग्वाल एवं बूढ़ी दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक संस्कृति और परंपराएं देवभूमि उत्तराखंड की पहचान हैं। किसी भी राज्य की लोक संस्कृति और लोक परंपरा उसकी आत्मा होती है। उन्होंने कहा कि इगास सहित प्रदेश के लोकपर्व सामाजिक जीवन में उत्साह और जीवंतता भरने का काम करते हैं।
सीएम ने कहा कि देशभर में सांस्कृतिक विरासत और गौरव को पुनर्स्थापित करने के प्रयास हो रहे हैं। इसी तरह उत्तराखंड के लोग भी अपने लोकपर्व इगास को पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इगास के अवसर पर लोगों को अपनी परंपराओं के साथ पैतृक गांवों से जुड़ने का अवसर मिलता है। इसी उद्देश्य से राज्य में इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की परंपरा शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति और लोकपर्वों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता जताई। साथ ही प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी अपील की कि वे अपने लोकपर्व को पैतृक गांवों में मनाने का प्रयास करें। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
संस्कृति विकास परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि संस्कृति विभाग की ओर से मुख्यमंत्री आवास में इगास पर्व का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की पौराणिक संस्कृति और परंपरा से जुड़ा पर्व है। मान्यता के अनुसार भगवान राम के अयोध्या लौटने की सूचना उत्तराखंड में 11 दिन बाद पहुंची थी, जिसके चलते दीपावली के 11 दिन बाद इगास मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। उन्होंने बताया कि इगास का पर्व केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में भी अलग-अलग परंपराओं के साथ मनाया जाता है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



