समाचार सच, देहरादून। रायपुर में सोडा सरोला पुल के नीचे मानव अंग (कटा हुआ पैर) मिलने से हड़कंप मच गया। मानव अंग पीले रंग के प्लास्टिक के थैले में था। रायपुर थाना पुलिस व फॉरेंसिक की टीम ने उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष रायपुर दिलबर सिंह नेगी ने बताया, सुबह किसी ने फोन पर सूचना दी कि पुल के नीचे मानव अंग पड़ा हुआ है। तुरंत पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया। जांच में सामने आया कि उक्त मानव अंग किसी व्यक्ति के बायें पैर के घुटने से नीचे का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मानव अंग को फॉरेंसिक साइंस लैब में रखा गया है। हत्या की आशंका को देखते हुए जिस जगह मानव अंग मिला, उसके आसपास भी छानबीन कराई जा रही है। इस संबंध में सभी थानों को सूचित कर कोई गुमशुदगी दर्ज होने पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। अगर किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की बात सामने आती है तो मानव अंग को डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस अधीक्षक नगर सरिता डोबाल ने बताया कि रायपुर क्षेत्र में मिला मानव अंग किसी अस्पताल का जैविक कचरा भी हो सकता है। मानव अंग को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसे किसी मशीन से काटा गया है। इसलिए आसपास के अस्पतालों का डाटा भी चेक किया जा रहा है। इसके अलावा हाल में जो क्षत-विक्षत अज्ञात शव मिले हैं, उनसे भी मिलान करने की कोशिश की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












