समाचार सच, हल्द्वानी (सुशील शर्मा)। गांधीनगर क्षेत्र में बीती रात एक बार फिर बवाल हो गया। कार खड़ी करने को लेकर उपजे विवाद में दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इस मामले में एक पक्ष की ओर से तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ज्ञात हो कि गांधीनगर क्षेत्र को अतिसंवेदनशील माना जाता है। यहां मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर कई बार बवाल हो चुके हैं। कई बार पुलिस पर भी पथराव किया जा चुका है। छोटी-छोटी बातों पर यहां बवाल होना आम बात हो चली है। ऐसा ही एक मामला क्षेत्र में बुधवार भी हुआ। इस मामले में तीनपानी में डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान चलाने वाले क्षेत्र के ही निवासी जुल्फकार पुत्र रहमतुल्ला ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। बतौर जुल्फकार उसने रात में अपनी कार संख्या एचआर26बीडी-0763 खड़ी की। इस बीच समीप ही बैठे गांधीनगर में ही रहने वाले मोना, बिट्टू व नवीन नामक युवकों ने उस पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इस पर जुल्फकार ने तीनों युवकों को टोका तो वह गाली गलौज पर उतारू हो गये। आरोप है कि इस बीच युवकों ने पथराव कर दिया और एक पत्थर कार में जा लगा। इससे स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर एकत्र हो गए। दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई।
इधर बवाल की सूचना पुलिस को मिली तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसपी डॉ जगदीश चन्द्र, कोतवाल मनोज रतूड़ी, लालकुआं कोतवाल संजय कुमार, एसओ बनभूलपुरा मोहम्मद युनूस भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। लेकिन दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही एक-दूसरे से भिड़ते रहे। इस बीच पार्षद गुफरान व रोहित ने भी लोगों को समझाया। बाद में पुलिस के दोषियों पर कार्यवाही के आश्वासन पर लोग शांत हुए। इस मामले में जुल्फकार की ओर से पुलिस को आरोपी युवकों के खिलाफ तहरीर सौंपी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















