75 साल का इंतजार खत्म! अब सड़क से जुड़ेगा नदगल गाँव, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया मोटर मार्ग निर्माण का शुभारंभ

खबर शेयर करें

आजादी के बाद पहली बार गांव तक पहुंचेगी सड़क, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से किया मंत्री कैड़ा का स्वागत

समाचार सच, धारी/नैनीताल।
आजादी के करीब 75 साल बाद आखिरकार धारी ब्लॉक के ग्राम सभा महतोलियागांव के नदगल गाँव के ग्रामीणों का वर्षों पुराना सपना साकार होने जा रहा है। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित रहे ग्रामीणों के लिए यह दिन ऐतिहासिक बन गया, जब कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने गांव को सड़क से जोड़ने वाले मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

मोटर मार्ग निर्माण की शुरुआत होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्षों से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत करते हुए उनका आभार जताया।

मरीजों को कंधे और घोड़ों के सहारे पहुंचाना पड़ता था मुख्य मार्ग तक
ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक गांव में मोटर मार्ग नहीं होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। रोजमर्रा का सामान मुख्य सड़क से गांव तक पहुंचाना मुश्किल था। किसी के बीमार होने पर मरीजों को कई बार घोड़े या कंधों के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता था।

यह भी पढ़ें -   मंदिर में प्रवेश करने से पहले जूते-चप्पल बाहर उतारने की परंपरा क्यों निभाई जाती है?

किसानों को भी अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों के अनुसार, सामान ढुलाई और किराए-भाड़े में ही उनकी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता था।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों से मोटर मार्ग निर्माण की मांग की थी, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका।

मंत्री कैड़ा से की मांग, अब शुरू हुआ निर्माण कार्य
ग्रामीणों द्वारा मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष मोटर मार्ग निर्माण की मांग रखी गई। इसके बाद मंत्री कैड़ा ने गांव की समस्याओं को देखते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। पहले वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति कराई गई।

इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभागीय अधिकारियों से डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने की प्रक्रिया शुरू कराई गई। मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की और शासन स्तर से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया।

यह भी पढ़ें -   गणेश महोत्सव 2026: गणपति स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त में पूजा करना विशेष माना जाता है

“मेरा प्रयास है हर गांव को सड़क से जोड़ सकूं” — राम सिंह कैड़ा
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नदगल गांव के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी परेशानियों का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र का हर गांव सड़क सुविधा से जुड़े, और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों की शिक्षा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और गांव के समग्र विकास में बड़ी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख जीवन बर्गली, ललित मोहन शर्मा, प्रकाश चंद्र नानू, निर्मल बर्गली, अनिल कुमार, विवेक डंगवाल सहित प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

नदगल गांव के लिए सड़क निर्माण की शुरुआत को ग्रामीण अपने जीवन में एक नई शुरुआत के रूप में देख रहे हैं। वर्षों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है और जल्द ही गांव के पहाड़ी रास्तों पर विकास की रफ्तार दौड़ती नजर आएगी।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440