समाचार सच, हल्द्वानी। एसटीएच से लापता चल रहे कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई। उसका शव अस्पताल के ही बाथरूम में पड़ा मिला। इससे पुलिस व अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रामनगर निवासी 58 वर्षीय रईस अहमद को बीती एक अगस्त को दिल की बीमारी के चलते डॉ सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भर्ती कराया गया था। जांच में वह कोरोना संक्रमित पाया गया। इस पर उसे अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती किया गया था। बताया जाता है कि बुधवार की प्रातः अचानक रईस अस्पताल से गायब हो गया। कोरोना संक्रमित मरीज के गायब होने से अस्पताल प्रबंधन व पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इधर गुरूवार की प्रातः कोरोना संक्रमित इस मरीज का शव अस्पताल के ही बाथरूम से बरामद हुआ। इससे अस्पताल प्रबंधन में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी शांतनु पारासर का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृतक बीमारी से ग्रसित होने के साथ ही मानसिक रूप से भी परेशान चल रहा था। प्रत्येक बिन्दु को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


