मामा के घर आया था मासूम, बारिश ने छीन ली जिंदगी! टिहरी में 4 साल के बच्चे का शव गदेरे में मिला

खबर शेयर करें

घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता, रातभर चला सर्च ऑपरेशन, अगले दिन पानी के किनारे मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

समाचार सच, टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। घनसाली क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर खेलते-खेलते लापता हुए चार वर्षीय मासूम का शव अगले दिन गांव के नीचे बहने वाले गदेरे के किनारे बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि तेज बारिश के बाद अचानक बढ़े पानी के बहाव में बहने से बच्चे की मौत हुई।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात परिजनों ने घनसाली थाना पहुंचकर बच्चे के लापता होने की सूचना दी। बताया गया कि चार वर्षीय अयनांश शाम से घर के बाहर खेल रहा था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर एसडीआरएफ, स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम के साथ रातभर खोजबीन शुरू की। हालांकि अंधेरा और लगातार खराब मौसम के कारण बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।

शनिवार सुबह एक बार फिर बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया गया। कई घंटों की तलाश के बाद गांव के नीचे गदेरे के किनारे बच्चे का शव बरामद हुआ। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में मातम छा गया और हर आंख नम हो गई।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 22 जुलाई 2026, बुधवारI जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार दोपहर क्षेत्र में तेज बारिश हुई थी, जिससे गदेरे का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी दौरान खेलते समय मासूम तेज बहाव की चपेट में आ गया। पुलिस भी प्रारंभिक जांच में इसी संभावना को प्रमुख मान रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें -   चारधाम यात्रा फिर हुई शुरू, मौसम का खतरा बरकरार; देहरादून और बागेश्वर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

बताया जा रहा है कि अयनांश अपनी मां निकिता के साथ इन दिनों ननिहाल ग्राम कंडारस्यू आया हुआ था। उसके पिता पूरन सिंह विदेश में नौकरी करते हैं। परिवार के लिए यह मुलाकात खुशियों की जगह जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गई।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440