तूल पकड़ता जा रहा पुलिस कर्मचारियों के ग्रेड पे का मामला, परिवार सहित रैली निकालने का संदेश वायरल

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। पुलिस कर्मचारियों के ग्रेड पे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब इंटरनेट मीडिया पर पुलिस कर्मियों व सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की ओर से 15 अगस्त को परिवार सहित रैली निकालने का संदेश वायरल हो गया है। हालांकि पुलिसकर्मियों की ओर से इस संबंध में कोई पत्र या आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बावजूद इसके पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों को मौखिक आदेश जारी कर अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। 20 साल की सेवा पूरी कर चुके कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल ग्रेड में कटौती किए जाने पर नाराज हैं। कांस्टेबल व हेड कांस्टेबलों को पहले ग्रेड पे 4600 मिलता था, लेकिन अब इसे कम कर 2800 रुपये कर दिया गया है। कुछ समय पहले पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कांस्टेबलों के साथ बैठक कर 4200 रुपये ग्रेड पे व एक स्टार का प्रस्ताव दिया था। इसका पुलिस कर्मियों ने विरोध किया। इस मामले में मुख्य सचिव की देखरेख में एक कमेटी भी गठित की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने बताया कि ग्रेड पे के मामले को लेकर शासन से लगातार वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। 15 अगस्त जैसे पावन पर्व पर कोई भी पुलिसकर्मी और उनका परिवार किसी प्रकार के अप्रिय गतिविधि में शामिल होगा तो यह बल के अनुशासन पर सवाल है। इसे गंभीरता लिया जाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440