समाचार सच, हल्द्वानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में आयोजित तीन दिवसीय साहित्य एवं अभिव्यक्ति महोत्सव ‘अभिव्यक्ति-2026’ का रंगारंग समापन विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों, प्रेरक संवादों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में साहित्य, कला, रंगमंच, संवाद और नवाचार से जुड़ी विविध गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिला।
महोत्सव के पहले दिन दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। ट्विन विन टीम के निर्देशन में रचनात्मकता और प्रतिभा का बना उत्सव, ‘अभिव्यक्ति-2026’ का तीन दिवसीय महोत्सव शानदार अंदाज में संपन्नआयोजित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने वन लाइन स्टोरी, स्टोरीवर्स, कठपुतली के माध्यम से कहानी प्रस्तुति, थिएटर कार्यशाला, श्लोक गायन, एक्सटेम्पोर तथा एआई इन क्रिएटिव राइटिंग जैसे सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
दूसरे दिन दीप प्रज्ज्वलन और आकर्षक फ्लेमिंगो नृत्य के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही तथा हिमालय एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष भूमेश अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित ‘विजनरी टॉक्स’ में नौ विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। पर्यावरणविद् सुधीर चड्ढा ने प्रकृति संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया। वहीं ‘जेन-ज़ी अचीवर्स मीट जेन-अल्फा’ और ‘न्यू एज करियर्स इन द ऑरेंज इकोनॉमी’ जैसे सत्रों ने विद्यार्थियों को बदलती दुनिया में नए अवसरों और कौशलों से परिचित कराया।
समापन दिवस पर दीप प्रज्ज्वलन, मधुर कोयर प्रस्तुति और प्रेरक पॉडकास्ट सत्र ने कार्यक्रम को नई ऊंचाई दी। विद्यालय के युवा लेखकों ने अपने अनुभव साझा किए, जबकि ट्विन विन टॉक शो विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना। इसके अलावा एकल वक्तृत्व, मोनोलॉग, नुक्कड़ नाटक और स्किट प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी अभिनय क्षमता, संवाद कौशल और सृजनात्मक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘अभिव्यक्ति-2026’ केवल साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और प्रभावी अभिव्यक्ति विकसित करने की एक सार्थक पहल है। यह महोत्सव आने वाले वर्षों में भी युवा प्रतिभाओं को नई उड़ान देने का माध्यम बना रहेगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



