उत्तराखंड में अगले 5 दिन मौसम दिखाएगा तेवर! पहाड़ से मैदान तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बिजली-भूस्खलन का खतरा

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर तेवर दिखाने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने 28 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

29 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त को पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश के अत्यधिक तेज दौर की भी आशंका जताई गई है।

30 अगस्त को कई जिलों में बरसेंगे बादल
30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, चमोली और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें -   राजपुरा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई से भड़की कांग्रेस, बुद्ध पार्क में पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका

31 अगस्त को फिर बढ़ेगी बारिश की सक्रियता
महीने के अंतिम दिन 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

1 सितंबर को भी कई जिले रहेंगे प्रभावित
सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होने के आसार हैं। 1 सितंबर को पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बाकी जिलों में भी आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश का पूर्वानुमान है।

पहाड़ों में यात्रा से पहले सावधानी जरूरी
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान नदी-नालों और गाड़-गदेरों के पास जाने से बचने, आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर नहीं खड़े होने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें -   अस्मिता सेपक टाकरा सिटी लीग में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल का दबदबा, 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया दम

पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से कहा गया है कि वे घर से निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन के कारण सड़कें बंद होने की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने किया अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रह सकता है।

उन्होंने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के तीव्र और अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में मौसम के मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम विभाग का संदेश साफ है—अगले पांच दिन उत्तराखंड में मौसम को हल्के में न लें। पहाड़ों में यात्रा हो या नदी-नालों के आसपास गतिविधि, सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440