समाचार सच, हल्द्वानी। एक महिला ने अपने ही भाई पर न्यायालय के आदेश की अवेहलना कर विचाराधीन घर में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। यह भी आरोप है कि वह आए दिन शराब के नशे में झगड़ता है और घर में आकर तोड़फोड़ करता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बद्रीपुरा, तल्ला गोरखपुर निवासी जानकी देवी पत्नी प्रेम सिंह ने बताया कि उसका अपने भाई मनोज सुयाल के साथ मकान को लेकर विवाद चला आ रहा है। जिस पर उसने अपने भाई के खिलाफ सिविल जज (सी0डी0) हल्द्वानी में स्थाई निषेधाज्ञा का वाद दायर किया है, जो विचाराधीन है। इस मामले में न्यायालय से भवन में यथास्थिति बनाये रखने के आदेश पारित हैं। बावजूद इसके उसका भाई मकान में तोड़फोड़ करने में लगा हुआ है। महिला का आरोप है कि उसका भाई आये दिन शराब पीकर उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करता रहता है और उसे धमकाता रहता है। बीती 14 अक्टूबर को भी वह उसके कमरे में घुस आया और गाली गलौज करने लगा। जब उसने उसे ऐसा करने से मना किया तो वह उसे व उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं उसने उसके घर का सामान भी तोड़ दिया। पुलिस को सौंपी तहरीर में महिला ने अपने भाई से स्वयं व बच्चों को जान माल का खतरा बताया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



