समाचार सच, लक्सर (हरिद्वार)। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे गांव को दहला दिया। मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में ग्राम प्रधान के भाई की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। आधी रात अचानक चली गोली की आवाज ने घरवालों की नींद उड़ा दी और कुछ ही पलों में खुशियां मातम में बदल गईं।
बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान सहदेव सिंह का भाई नकुल, जो लंबे समय से देहरादून में रह रहा था, हाल ही में गांव लौटा था। देर रात करीब दो बजे वह अपने कमरे में अकेला था। अचानक अंदर से गोली चलने की तेज आवाज आई। आवाज सुनते ही परिजन घबराकर कमरे की ओर दौड़े और दरवाजा खोला तो जमीन पर खून से सना नकुल का शव पड़ा था।
इस दर्दनाक मंजर को देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लक्सर कोतवाली के एसएसआई लोकपाल परमार के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन इसके पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
गौरतलब है कि लक्सर क्षेत्र में हाल के दिनों में गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले दो छात्रों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने दूसरे पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इन घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में डर और आक्रोश दोनों है। लोग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



