समाचार सच, हल्द्वानी। अनलॉक-3 में अधिकांश गतिविधियां संचालित होने के साथ-साथ चोर भी सक्रिय होने लगे हैं। चोरों ने यहां एक पोस्ट ऑफिस को अपना निशाना बनाया है। चोर पोस्ट ऑफिस से हजारों की नगदी ले उड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। कोरोना संक्रमण के बीच जारी अनलॉक-3 में अधिकांश गतिविधियां संचालित होने लगी हैं। रात का कर्फ्यू भी हट चुका है। इसका फायदा अब चोर उठा रहे हैं। चोरों ने हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग में भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर स्थित पोस्ट ऑफिस में धावा बोल दिया। चोर खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दे डाला। घटना का पता सोमवार को आस-पास के लोगों के माध्यम से पुलिस को चला। इसकी सूचना पर डाकघर के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गये। दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो सारे दस्तावेज बिखरे पड़े थे। जबकि काउंटर में रखी दो हजार रूपये की नगदी गायब थी। भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस चोरों की जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है। इधर मुख्य मार्ग में चोरी की इस वारदात से आस-पास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से चोरी के जल्द खुलासे के साथ ही गश्त बढ़ाने की मांग की है।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


