समाचार सच, रामनगर। कॉर्बेट पार्क से सटे रामनगर के गर्जिया क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाघ जंगल से निकलकर नेशनल हाईवे-309 के बेहद करीब पहुंच गया। बाघ ने आबादी से सटे इलाके में एक घोड़े पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
घटना दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के पास, पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के समीप बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाघ अचानक जंगल की ओर से आया और हाईवे के नजदीक मौजूद घोड़े को अपना शिकार बना लिया। बाघ घोड़े को खींचकर जंगल की तरफ ले गया, जबकि आसपास मौजूद लोगों की आवाजाही और शोर के बीच भी उसने शिकार नहीं छोड़ा।
जिस स्थान पर बाघ ने घोड़े को शिकार बनाया, वह झूला पुल चौराहे और आबादी के बेहद करीब है। यहां दिनभर स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बाघ का इस तरह खुले इलाके में पहुंचना मानव-वन्यजीव संघर्ष के खतरे को बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में यह चिंता भी बढ़ गई है कि यदि बाघ दोबारा आबादी या सड़क के आसपास पहुंचा तो किसी इंसान पर भी हमला हो सकता है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही बाघ की संभावित लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग की ओर से लोगों से जंगल और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।
रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि बाघ की मौजूदगी को देखते हुए झूला पुल की तरफ जाने से बचें और किसी भी तरह की लापरवाही न करें।
फिलहाल वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। आबादी के करीब दिन के उजाले में बाघ द्वारा घोड़े का शिकार किए जाने की घटना ने एक बार फिर गर्जिया और आसपास के क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



