समाचार सच, हल्द्वानी। रोडवेज की दशा सुधारने के मद्देनजर परिवहन सचिव व एमडी ने काठगोदाम व हल्द्वानी डिपो का निरीक्षण किया। साथ ही दोनों अफसर डिपो के वर्कशॉप भी पहुंचे। इस दौरान कर्मचारी संगठनों की ओर से अफसरों के समक्ष समस्याएं भी उठाई गईं। परिवहन सचिव अरविंद हृयांकी व एमडी रोहित मीणा ने मंगलवार को रोडवेज अफसरों के साथ सबसे पहले काठगोदाम डिपो व वर्कशॉप के साथ ही आरएम आफिस परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों ने निगम के जर्जर भवनों का मामला उठाते हुए इनकी हालत सुधारने की मांग की।
सचिव से की अतिक्रमण व डग्गामारी की शिकायत, आरटीओ को दिये बसें हटाने के निर्देश
इसके बाद सचिव व एमडी हल्द्वानी डिपो व वर्कशॉप पहुंचे। हल्द्वानी बसअड्डे में सचिव के समक्ष अतिक्रमण व डग्गामारी का मामला उठाया गया। इस पर सचिव ने रोडवेज से केमू स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर लगा निगम का गेट हटाने के साथ ही वहां बनी दुकानें हटाने के निर्देश भी रोडवेज अफसरों को दिए। इस बीच सचिव के समक्ष मुख्य गेट के बाहर डग्गामारी व निजी बसों के खड़े करने का मामला उठा तो सचिव ने वहां मौजूद आरटीओ नंदकिशोर को बसें हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जीएम रोडवेज दीपक जैन, आरएम संचालन पूजा जोशी, एआरएम सुरेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे। बताया गया कि परिवहन सचिव व एमडी ने कुमाऊं में तमाम डिपो का निरीक्षण किया। इधर आरटीओ नंदकिशोर ने बताया कि एआरटीओ को रोडवेज के सामने खड़ी होने वाली निजी बसों के खिलाफ कार्रवाई को कहा गया है।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने एमडी को सौंपा ज्ञापन
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद से जुड़े कर्मियों ने चार्ज संभालने के बाद पहली बार काठगोदाम वर्कशॉप पहुंचे एमडी रोहित मीणा का स्वागत किया और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने निगम में 20 साल से कार्यरत संविदा व विशेष श्रेणी के कर्मियों के साथ ही मृतक आश्रित कोटे से भर्ती कार्मिकों का नियमितीकरण किये जाने, अनुबंधित के बजाय निगम के बेड़े में बसे बढ़ाने, बस स्टेशनों से हो रही डग्गामारी पर अंकुश लगाने, राज्य कर्मियों की भांति गोल्डन कार्ड की सुविधा मुहैया कराने, डिपो के एकीकरण के आदेश निरस्त किये जाने जैसी मांगें उठाईं। ज्ञापन सौंपने वालों में परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष जगदीश कांडपाल, मंत्री आन सिंह जीना आदि शामिल थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



