एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, पीड़िता बरामद, वारदात में इस्तेमाल वाहन भी सीज
समाचार सच, हल्द्वानी।
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ-साथ पोक्सो एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को हल्द्वानी निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दो संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा निवासी विक्रम सिंह (29 वर्ष) तथा त्रिलोकपुर दानी, गौलापार निवासी सौरभ बिष्ट (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर सामने आए तथ्यों के बाद मुकदमे में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5/6 भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस का कहना है कि वारदात में प्रयुक्त वाहन को बरामद कर नियमानुसार सीज कर दिया गया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



