समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ और प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवाएं चल रही हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी देहरादून में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। बादलों की गड़गड़ाहट और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल रही है।
मसूरी में रविवार सुबह मौसम ने अचानक रंग बदल लिया। घने काले बादलों के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया और विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। हालात ऐसे हो गए कि लोगों को दिन में ही लाइट जलानी पड़ी। मौसम के इस बदलाव ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हैरान कर दिया, वहीं बारिश से ठंडक भी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आकाशीय बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।
गौरतलब है कि प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं बारिश तो कहीं बादलों का डेरा है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सैलानी भरपूर आनंद ले रहे हैं।
वहीं शनिवार शाम टिहरी जिले में डोबरा-चांठी क्षेत्र के पास आंधी-तूफान के कारण झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन में हड़कंप मच गया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



