काशीपुर में युवती की गोली लगने से मौत का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; छीनाझपटी में चली गोली, फिर मिटाए गए सबूत!

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रपुर डेस्क। काशीपुर के महुआखेड़ागंज क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद मौके से सबूत मिटाने और घटनास्थल बदलने का भी प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर को काशीपुर के महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश को गोली लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन पुत्र स्वर्गीय फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज ने 11 सितंबर को आईटीआई कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आईटीआई कोतवाली पुलिस की टीमों का गठन कर नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सुरागरसी-पतारसी कर रही थी।

यह भी पढ़ें -   जोशी जी… आपका यूं अचानक चले जाना हमेशा एक अधूरापन छोड़ जाएगा

12 सितंबर को पुलिस टीम चौकी पैगा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश और विवेचनात्मक कार्रवाई में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को आरोपियों के संबंध में सटीक सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले मार्ग पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की और तीन नामजद आरोपियों साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपी साजिद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह तमंचा करीब छह महीने पहले महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था।

यह भी पढ़ें -   सरकारी आश्वासनों से टूटा सब्र, ग्रामीणों ने खुद उठाए गेती-फावड़े और शुरू कर दी सड़क निर्माण की राह

पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हो रही थी। इसी दौरान बच्ची के हाथ से तमंचे से गोली चल गई, जो मेहविश को जा लगी। गोली लगने से युवती की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद साजिद और उसकी बेटी फिजा ने फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोप है कि साजिद ने मृतका के शव को अपने घर से हटाकर उसके घर पहुंचाया, जिससे वास्तविक घटनास्थल को बदलने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद तीनों आरोपी फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब मामले में अन्य तथ्यों की जांच के साथ ही आरोपी द्वारा तमंचा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440