जन्मदिन को उत्सव नहीं, जनसेवा का संकल्प बनाया, रक्तदाताओं को हेलमेट देकर सड़क सुरक्षा का भी दिया संदेश
समाचार सच, देहरादून। उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपने जन्मदिवस को जनसेवा के महाअभियान में बदल दिया। देहरादून के देश के पहले ‘लेखक गांव’ थानों में आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित हुआ। इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया गया कि “संवेदना अभियान” के तहत भविष्य में प्रदेशभर में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
हिमालयीय आयुर्वेदिक (पी.जी.) मेडिकल कॉलेज, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय, भागीरथ प्रयास फाउंडेशन रुड़की और देवभूमि ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया गया।
दिन की शुरुआत लेखक गांव स्थित श्री नरसिंह भगवान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों से हुई। इस दौरान डॉ. निशंक ने परिवारजनों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इसके बाद नालंदा पुस्तकालय शोध एवं अनुसंधान केंद्र में आयोजित बाल साहित्य कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने डॉ. निशंक की चर्चित बाल रचनाओं का भावपूर्ण पाठ किया। विद्यार्थियों ने संस्कृत में जन्मदिवस गीत प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई। डॉ. निशंक ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, साहित्य, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों का कहना था कि यह पहल जीवन बचाने के साथ-साथ सुरक्षित यातायात का संदेश देने का भी प्रयास है।
अपने संबोधन में डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि “रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। यदि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रक्तदान का संकल्प ले, तो हजारों परिवारों की उम्मीदें बचाई जा सकती हैं।” उन्होंने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान और समाजसेवा से निरंतर जुड़े रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा, पद्मा श्री बी.के.एस संजय, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, शोभाराम प्रजापति, डॉ. जयपाल सिंह, सुभाष बर्थवाल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट, गन्ना आयोग के सदस्य सुभाष भट्ट, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, हरिद्वार जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, ऋषिकेश की पूर्व मेयर अनीता महंगाई, पौड़ी की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



