समाचार सच, हल्द्वानी/ओखलकांडा: नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सभा ओखलकांडा मल्ला में कृषि विभाग की कैंटर गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की कैंटर गाड़ी संख्या UK04CB-1819 ओखलकांडा मल्ला क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मानाघेर निवासी 25 वर्षीय चालक कमल जोशी पुत्र हरीश जोशी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं वाहन में सवार सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता (59) पुत्र हरक सिंह, पंकज सिंह (27) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी धानाचुली तथा रोहित कुमार पुत्र सुरेश चंद्र निवासी पस्या घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्राथमिक उपचार के बाद मंत्री के निर्देश पर तीनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया। मंत्री कैड़ा ने अस्पताल में चिकित्सकों से घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हादसे में चालक कमल जोशी की मौत के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर मृतक का पोस्टमार्टम ओखलकांडा में ही कराने को कहा। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन से हादसे में मृत चालक के परिजनों और घायलों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं और घायलों के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



