गंगा स्नान के दौरान पैर फिसलते ही तेज बहाव में बहा मासूम, SDRF और पुलिस घंटों तक तलाश करती रही लेकिन नहीं मिला कोई सुराग
समाचार सच, ऋषिकेश। खुशियों और आस्था से भरा गंगा स्नान का पल देखते ही देखते एक परिवार की जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गया। ऋषिकेश के ओम घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे 12 वर्षीय चंदन को शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हो सकता है। देखते ही देखते मासूम का पैर फिसला और वह गंगा की उफनती धारा में समा गया। कुछ ही सेकंड में वह आंखों से ओझल हो गया, जबकि घाट पर खड़े उसके माता-पिता और परिजन चीखते-चिल्लाते रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, “कोई मेरे बेटे को बचा लो…” की दर्दनाक पुकार पूरे घाट पर गूंज उठी। वहां मौजूद श्रद्धालु भी स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा का तेज बहाव हर प्रयास पर भारी पड़ गया।
जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश के शिवाजी नगर निवासी चंदन (12 वर्ष), पुत्र दयाराम रविवार को अपने परिवार के साथ आस्था पथ स्थित ओम घाट पर गंगा स्नान करने आया था। परिवार के सभी सदस्य स्नान कर रहे थे कि अचानक चंदन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी की ओर बहने लगा। जब तक कोई उसे पकड़ पाता, वह तेज धारा में लापता हो चुका था।
सूचना मिलते ही एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह पंवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण अपनी टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
रेस्क्यू टीम ने गंगा के कई संभावित स्थानों पर घंटों तक खोजबीन की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के चलते देर शाम तक भी चंदन का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है और हर कोई मासूम के सकुशल मिलने की दुआ कर रहा है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर और बहाव बेहद खतरनाक हो जाता है। ऐसे में बच्चों को कभी भी अकेला न छोड़ें और केवल निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



