समाचार सच, बागेश्वर डेस्क।
पिछले 16 दिनों से जिस शख्स की सलामती की उम्मीद में परिजन, अधिवक्ता और शहरवासी उसकी तलाश में जुटे थे, मंगलवार को उसकी तलाश का अंत बेहद दुखद खबर के साथ हुआ। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व नगरपालिका सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार का शव नगर से बाहर थुणाई के समीप गोमती नदी किनारे बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से पूरे बागेश्वर में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, इस घटना ने उनकी गुमशुदगी को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय धीरेंद्र सिंह परिहार 17 अक्टूबर से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। कोई सुराग नहीं मिलने पर उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस से बेटे को जल्द खोजने की गुहार लगाई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी नहीं मिला था सुराग
धीरेंद्र की तलाश में पुलिस ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और विभिन्न स्तरों पर खोजबीन की। इसी दौरान नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटे जाने और कैमरों को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना भी सामने आई थी। इससे उनकी गुमशुदगी को लेकर संदेह और गहरा गया था।
सड़क पर उतरे थे अधिवक्ता और स्थानीय लोग
धीरेंद्र परिहार का कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजनों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से धीरेंद्र को जल्द तलाशने और पूरे मामले का खुलासा करने की मांग उठाई थी। लेकिन अगले ही दिन नदी किनारे उनका शव मिलने की सूचना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
नदी किनारे शव मिलने से मचा हड़कंप
मंगलवार को थुणाई के समीप गोमती नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बागेश्वर के सीओ अजय शाह ने बताया कि धीरेंद्र परिहार का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। बुधवार, 4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक की ओर से प्रेस वार्ता कर मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मौत के पीछे की वजह पर टिकी निगाहें
16 दिनों तक लापता रहने के बाद धीरेंद्र परिहार का शव नदी किनारे मिलने से उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर वह किन परिस्थितियों में लापता हुए और उनकी मौत कैसे हुई? क्या यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा।
धीरेंद्र के निधन की खबर से अधिवक्ता समाज, परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। जिस परिवार को उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद थी, उसे अब इस दुखद सच्चाई का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



