रुद्रपुर में गरजे सीएम धामी, राहुल-अखिलेश और खड़गे पर साधा निशाना, बोले- घाटे में चल रही मोहब्बत की दुकान

खबर शेयर करें

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में कांग्रेस और सपा पर बरसे मुख्यमंत्री, रामपुर तिराहा कांड से लेकर सेना के सम्मान तक उठाए सवाल

समाचार सच, रुद्रपुर डेस्क।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को रुद्रपुर में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर राजनीतिक प्रहार किए। गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सनातन संस्कृति के प्रति विरोधी सोच रखने, सेना के शौर्य पर सवाल उठाने और देश में भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया।

अपने संबोधन में धामी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उसकी हालत ‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को संसद से बाहर का रास्ता दिखा चुकी है, लेकिन अब विपक्ष मॉक संसद के माध्यम से भी अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने में जुटा है।

व्यापारियों की परेशानी को लेकर कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि दीपावली के बाद भी कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता था, लेकिन बाजारों और दुकानों को बंद कराकर व्यापारियों की आजीविका प्रभावित की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को आम जनता और व्यापारियों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए जनता के लिए और सत्ता से बाहर रहने पर देश के लिए खतरा बन जाती है।

सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरा
धामी ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में हर पांचवां जवान उत्तराखंड से आता है। ऐसे में सेना की वीरता और शौर्य पर सवाल उठाना प्रदेश के सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।

यह भी पढ़ें -   जमानत मिली, लेकिन जेल से नहीं हो सकी रिहाई; उर्मिला सनावर को एक और रात काटनी होगी सलाखों के पीछे

सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता कभी सेना से कार्रवाई के सबूत मांगते हैं तो कभी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को अपने नेताओं के बयानों पर आत्ममंथन करने की सलाह भी दी।

रामपुर तिराहा कांड की याद दिलाकर अखिलेश यादव पर हमला
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए खटीमा गोलीकांड और रामपुर तिराहा कांड का जिक्र कर समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि खटीमा गोलीकांड में सात आंदोलनकारियों की जान गई थी, जबकि रामपुर तिराहा कांड में आंदोलनकारियों के साथ हुई घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

धामी ने इसके लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के मन में उन घटनाओं के जख्म आज भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर प्रदेशवासियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया।

खड़गे पर हल्द्वानी के नारों को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी हमला बोला। उन्होंने हल्द्वानी की एक रैली के दौरान कथित तौर पर लगे आपत्तिजनक नारों पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए। धामी ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी राजनीतिक सुविधा के हिसाब से मुद्दों पर बोलते हैं और जहां विरोध करना चाहिए, वहां चुप्पी साध लेते हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर विकास के बजाय घोटालों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने शासनकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब यह दुकान घाटे में चल रही है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी।

यह भी पढ़ें -   दीपावली से पहले हल्द्वानी बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

उत्तराखंड में विकास कार्यों को बताया सरकार की उपलब्धि
राजनीतिक हमलों के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने की मंजूरी मिली है। प्रदेश में एम्स की स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना की बाधाएं भी दूर की गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी भाजपा की मजबूती के लिए जुटने और कांग्रेस को सत्ता में लौटने का अवसर नहीं देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका, कुछ देर बनी असहज स्थिति
जनसभा के दौरान उस समय माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया, जब अपनी फरियाद लेकर एक युवक मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोक दिया और बाहर की ओर धकेल दिया। इस घटनाक्रम के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामला सामने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी समस्या सुनने का प्रयास किया।

गांधी पार्क से अग्रसेन चौक तक निकली पदयात्रा
जनसभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।

पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों तथा प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को जनता के बीच पहुंचाया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440