नेपाल में लैंडिंग के दौरान भिड़े दो हेलिकॉप्टर, भारतीय नागरिक की मौत, चार घायल

खबर शेयर करें

माउंट एवरेस्ट के रास्ते फेरिचे हेलिपैड पर हुआ हादसा, दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट भी जख्मी

समाचार सच, इंटरनेशनल डेस्क।
पड़ोसी देश नेपाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमानन हादसा सामने आया। सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई, जबकि एक अन्य भारतीय यात्री और दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए काठमांडू भेजा गया है।

नेपाल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर खुम्बु पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलिपैड पर हुई। बताया गया है कि दोनों हेलिकॉप्टर लैंडिंग की प्रक्रिया में थे, तभी उनके बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि हेलिकॉप्टर में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

https://x.com/NirmalPrasai5/status/2117457042625687906?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2117457042625687906%7Ctwgr%5E7ad0979f6b084ca0ae610a574b3dbcbc58904475%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.etvbharat.com%2Fhi%2Finternational%2Fnepal-two-helicopters-collided-with-each-other-while-landing-hin26110302026

पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तमांग के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलरामारामाडु के रूप में हुई है। वह फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार थे। इसी हेलिकॉप्टर में न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय मूल के 49 वर्षीय शैलेश कृष्ण पटेल भी मौजूद थे, जो दुर्घटना में घायल हो गए। उन्हें प्रभु हेलिकॉप्टर के माध्यम से काठमांडू स्थित मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें -   टांडा जंगल में भीषण सड़क हादसा: ग्राम विकास अधिकारी समेत दो युवकों की मौत

दुर्घटना में फिशटेल एयर के पायलट रवींद्र प्रजापति और डायनेस्टी एयर के पायलट प्रज्वल केसी को भी चोटें आई हैं। दोनों को बेहतर उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया। वहीं मृतक भारतीय नागरिक के शव को लुक्ला स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है।

यह भी पढ़ें -   रुद्रपुर में गरजे सीएम धामी, राहुल-अखिलेश और खड़गे पर साधा निशाना, बोले- घाटे में चल रही मोहब्बत की दुकान

एवरेस्ट रूट पर हुआ हादसा
गौरतलब है कि फेरिचे नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में स्थित एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह इलाका माउंट एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले रास्ते में पड़ता है और पर्वतारोहियों तथा पर्यटकों के लिए हेलिकॉप्टर सेवाओं का प्रमुख केंद्र माना जाता है। काठमांडू से इसकी दूरी करीब 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है।

फिलहाल हादसे के समय दोनों हेलिकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। नेपाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। इस घटना ने पर्वतीय क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर संचालन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440